
स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार किया जख्मी
गुरुवार, 3 मई 2018
बेखौफ बदमाशों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर पुल के समीप स्वर्ण व्यवसायी रजौरा पुरवारी टोला निवासी विमलेश महतो के पुत्र 25 वर्षीय गुड्डू कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना मंगलवार रात की है। घायल का इलाज शहर के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। मुफस्सिल थाना के दारोगा राजकुमार ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली। उसने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी पवड़ा गांव अपनी बहन के यहां से घर लौट रहा था।
इसी दौरान मोहनपुर पुल के समीप दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे नाम लेकर पुकारा। रुकने पर उसे गोली मार दी और फरार हो गए। घटना को लेकर चर्चा है कि बदमाशों के साथ कुछ पुराना विवाद चल रहा है। घायल का इलाज कर रहे डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि मरीज खतरे से बाहर है। थानाध्यक्ष लालमोहन सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।