
बाढ़ के पानी में डूबने से एक की मौत
रविवार, 13 अक्टूबर 2019
बाढ़ के पानी से शव को निकालते ग्रामीण
संवाद सहयोगी, तालझारी (साहिबगंज) : तालझारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर मसकलैया गांव के झकसु मंडल का 30 वर्षीय पुत्र भुवेश मंडल की मौत रविवार की सुबह 10 बजे बाढ़ के पानी में डूबने से हो गई है। वे घर के समीप ही राजमहल-साहिबगंज एन एच 80 मुख्य सड़क पर स्थित पुलिया के पास मछली मारने गया था। इस दौरान वे जलकुंभी को हटाने के क्रम में पैर फिसलने से बाढ़ का पानी जो करीब 20 फिट गहरा है में डूब गया। आसपास के लोगों द्वारा घटना को लेकर चिल्लाने पर ग्रामीण व परिजन दौड़कर आये और काफी खोजबीन के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे इलाज हेतु सदर अस्पताल साहिबगंज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया है। अचानक हुई इस हृदय विदारक घटना से उनकी पत्नी विद्या कुमारी, मां, पिता झकसु मंडल, भाई सुभाष मंडल व प्रकाश मंडल सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक भुवेश मंडल अपनी पत्नी विद्या कुमारी के अलावे तीन पुत्र क्रमशः आदित्य कुमार 7 वर्ष, अभिषेक कुमार 5 वर्ष, 10 माह का अबोध बालक विराट कुमार को छोड़ गये है।