
सानिया मिर्जा की बहन बनेगी पूर्व क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे असद की दुल्हन
सोमवार, 7 अक्टूबर 2019
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा की बहन अनम इस साल के अंत में भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे असद की दुल्हन बनेंगी। सानिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों का निकाह दिसंबर में होगा।
हालांकि बता दें कि असद और अनम की शादी की चर्चाएं पिछले कुछ समय से आ रही थी, लेकिन कोई भी पुष्टि नहीं कर रहा था, पर अब सानिया ने इसे लेकर खुलासा कर दिया है। बता दें कि अनम पेशे से फैशन स्टाइलिस्ट हैं, जबकि असद पिता अजहर की तरह ही स्टाइलिश बल्लेबाज हैं। उन्होंने वकालत की पढ़ाई की है।
बता दें कि सानिया की बहन अनम ने इसी साल मार्च महीने में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर असद के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा -फैमिली। इसके बाद से इस रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल पड़ी थी। अब सानिया ने खुद इसका खुलासा किया है।
गौरतलब है कि अनम सानिया की छोटी बहन हैं। असद के साथ होने वाला ये निकाह उनका दूसरा निकाह होगा। वे पहले तलाक ले चुकी हैं। उनकी पहली शादी 2016 में हैदराबाद के बड़े व्यवसायी अकबर रशीद से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों में तलाक हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सानिया ने बताया कि उनका परिवार हाल ही में बहन अनम के साथ पेरिस में छुट्टियां बिताकर लौटा है। इस टूर में अनम ने बैचलर्स पार्टी भी मनाई। अनम एक बहुत अच्छे लड़के के साथ निकाह कर रही हैं। उनका नाम असद है और वे मोहम्मद अजहरुद्दीन के बेटे हैं। इन दोनों का निकाह दिसंबर में होगा। पूरा परिवार अनम की शादी को लेकर बहुत उत्साहित हैं। इसके बाद लंबे समय से चली आ रहीं दोनों की शादी की खबरों को विराम मिल गया। सानिया ने दिसंबर महीने का जिक्र तो किया लेकिन तारीखों का खुलासा नहीं किया।