टूटे मकान मे रहने को मजबूर है दुल्हन मुर्मू,अबतक नहीं मिला आवास योजना का लाभ
सोमवार, 29 जुलाई 2024
Comment
अमड़ापाड़ा:झारखंड सरकार ने अपने राज्य के गरीब तथा बेघर नागरिकों के लिए पक्का मकान दिलाने के उद्देश्य से अबुआ आवास योजना को शुरू किया था।दरअसल ऐसे बहुत से लोग हैं जिनको प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ किसी वजह से नहीं मिल सका है।जबकि वह इस आवास योजना के लिए पात्र भी हैं। इन्हीं लाभार्थियों को अपने राज्य में आवास देने के लिए झारखंड सरकार ने अबुआ आवास योजना प्रारंभ की।मगर आज भी कई
ऐसे लाभुक हैं जो इस अबुआ आवास योजना से वंचित हैं। ऐसी ही पाकुड़ जिला के अंतर्गत अमड़ापाड़ा प्रखंड के रसिकटोला निवासी दुल्हन मुर्मू की जो अबतक टूटे फूटे मकानों मे रहने को मज़बूर है।दुल्हन मुर्मू ने भानुमित्र अख़बार के संवाददाता से बातचीत के दौरान बताया की हम दिव्यांग हैं और हमें कच्चे घर में रहना अच्छा नहीं लगता है, लेकिन आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि हम पक्के मकानों में रह सकें। बारिश के दिनों में हमारे घरों में पानी टपकता रहता है जिससे पूरा फर्श गीला हो जाता है। हम परिवार के लोग किसी प्रकार रात काटते हैं। यदि कभी रात में तेज़ आंधी तूफ़ान और भारी बारिश होती है तो वह हमारे लिए सबसे मुश्किल का समय होता है। उस समय हमारे लिए उस घर का होना और नहीं होना, सब बराबर हो जाता है, क्योंकि बारिश का पूरा पानी घर में बहता रहता है। वहीं गर्मी के दिनों में चलने वाली लू से भी हमारी दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो जाती है। तेज लू के कारण हमें खाना बनाने में बहुत दिक्कत होती है।बताती हैं कि बारिश के मौसम में हमें कई दिनों तक भूखा भी रहना पड़ता है क्योंकि उन दिनों बारिश में हम बाहर खाना नहीं बना सकते हैं। घर के अंदर भी हर जगह पानी टपकने के कारण हमें खाना बनाने में काफी कठिनाई होती है।उसने कहा की हमारा गांव आर्थिक और सामाजिक रूप से बहुत पिछड़ा हुआ है। इस गांव में अधिकतर आदिवासी समाज के लोग ही कच्चे घरों में रहते हैं।वो भी आदिवासी समाज से हैं और उसका परिवार आर्थिक रूप से काफी पिछड़ा हुआ है। इस समाज में साक्षरता की दर भी बहुत कम है। अधिकतर पुरुष दिहाड़ी मज़दूर के रूप में काम करते हैं। वहीं महिला साक्षरता की बात करें तो यह चिंताजनक स्थिति में है।इनका कहना है की सरकारी द्वारा प्रदत्त शौचालय का लाभ मिला है।साथ ही दिव्यांग पेंशन मिल रहा है,लेकिन अबतक आवास नही मिला है।दुल्हन मुर्मू ने सरकार से मदद की गुहार लगायी है।
0 Response to "टूटे मकान मे रहने को मजबूर है दुल्हन मुर्मू,अबतक नहीं मिला आवास योजना का लाभ"
एक टिप्पणी भेजें