जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक; मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर उपायुक्त के सख्त निर्देश
गुरुवार, 26 मार्च 2026
Comment
पाकुड़ : उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, पूर्ण टीकाकरण, कुष्ठ रोग, गैर संचारी रोग, दूरस्थ परामर्श, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक तथा आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने सभी प्रखंडों को शत-प्रतिशत मातृ पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संस्थागत प्रसव की संख्या में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया।
उपायुक्त ने पूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम को शिविर मोड में संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। साथ ही यू-विन पोर्टल पर सभी आंकड़ों का शत-प्रतिशत संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
आयुष्मान भारत योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर
सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिकतम राशि उपार्जन सुनिश्चित करें, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।
कुष्ठ रोग उन्मूलन एवं दूरस्थ परामर्श पर विशेष ध्यान
कुष्ठ रोग कार्यक्रम के तहत रोगी खोज अभियान की अवधि एक सप्ताह बढ़ाने तथा अधिक से अधिक संदिग्ध रोगियों की पहचान करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही दूरस्थ परामर्श सेवाओं को अधिकाधिक संचालित करने पर भी बल दिया गया।
गुणवत्ता सुधार एवं प्रमाणन की दिशा में पहल
उपायुक्त ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत आवश्यक तैयारी करते हुए अधिक से अधिक स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का शीघ्र प्रमाणन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
तंबाकू नियंत्रण के लिए सख्ती
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित छापामारी अभियान चलाने तथा उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास स्थित दुकानों में जांच अभियान चलाकर तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयास, नियमित निगरानी एवं जवाबदेही के माध्यम से ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
0 Response to "जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक; मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर उपायुक्त के सख्त निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें