पाकुड़ नगर परिषद सभागार में पथ विक्रेताओं का सम्मान समारोह आयोजित
शनिवार, 28 मार्च 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ नगर परिषद सभागार में आज सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभ प्राप्त कर सफलतापूर्वक व्यवसाय संचालित कर रहे पथ विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्षा साबरी पाल, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी एवं नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
समारोह में उन पथ विक्रेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण की तीनों किस्तों—प्रथम किस्त 15 हजार रुपये, द्वितीय किस्त 25 हजार रुपये तथा तृतीय किस्त 50 हजार रुपये—का समय पर भुगतान करते हुए अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।
नगर अध्यक्षा साबरी पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शहरी गरीब एवं पथ विक्रेताओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है। कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने लाभार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर ऋण चुकाने वाले विक्रेता अन्य लोगों के लिए प्रेरणा हैं। नगर उपाध्यक्ष राणा ओझा ने अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में चयनित पथ विक्रेताओं को टी-शर्ट एवं टोपी देकर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को प्रोत्साहित करना एवं उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना था।
0 Response to "पाकुड़ नगर परिषद सभागार में पथ विक्रेताओं का सम्मान समारोह आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें