शांति में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, रामनवमी पर कड़ी निगरानी
गुरुवार, 26 मार्च 2026
Comment
पाकुड़: रामनवमी पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विभिन्न चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के संयुक्त नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च के दौरान जुलूस मार्ग, जुलूस मिलन स्थल, थाना क्षेत्र, मेला स्थल सहित संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान शांति समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन से सीधे संपर्क करने की अपील की गई। सभी से पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
0 Response to "शांति में खलल डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, रामनवमी पर कड़ी निगरानी"
एक टिप्पणी भेजें