राष्ट्र प्रथम – सदैव प्रथम’ के उद्घोष से गूंजा कादरपुर स्कूल परिसर
शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026
Comment
आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल कादरपुर, गुरुग्राम में “राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. शोभा गुप्ता एवं श्री अमोद गुप्ता ने भाग लिया। डॉ. शोभा गुप्ता एवं श्री अमोद गुप्ता का स्वागत प्राचार्य एवं विद्यालय के संस्थापक श्री सत्यवीर और उनके सुपुत्र श्री अक्षत ने फूलों के गुलदस्ते के साथ किया। कार्यक्रम में लगभग 1000 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। डॉ. शोभा ने कार्यक्रम का प्रारंभ जय हिन्द के उद्घोष के साथ किया एवं विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ जय हिन्द का उद्घोष किया। डॉ. शोभा ने विद्यार्थियों को चरित्र एवं राष्ट्रीय चरित्र के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने जय हिन्द, वन्दे मातरम् के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने देश के क्रांतिकारियों के बारे में भी बताया।
डॉ. शोभा ने बताया कि भारत को स्वतंत्रता दिलाने में नेता जी सुभाष चन्द्र बोस एवं अन्य क्रांतिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अहिंसावादी आंदोलन के अतिरिक्त क्रांतिकारियों के बलिदानों के रूप में किए गए संयुक्त प्रयास से प्राप्त हुई। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र प्रथम – सदैव प्रथम का उद्घोष कराया जिसे विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ किया। डॉ. शोभा गुप्ता ने संदेश दिया कि आइए हम सभी राष्ट्र प्रथम – सदैव प्रथम के अनुरूप अपना आचरण बनाएं। हम जो भी कार्य करें उसमें पहले यह देखें कि उसका देश पर क्या प्रभाव पड़ता है। डॉ. शोभा ने विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व समझाया और स्वयं व अपने आस-पास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया। उन्होंने हाथ धोने की पूरी प्रक्रिया को बच्चों को समझाया। श्री अमोद गुप्ता ने बच्चों को पर्यावरण की सुरक्षा कैसे करनी है, इस विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उनको अपने जन्मदिवस पर एक पौधा लगाने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में मौजूद सभी विद्यार्थियों ने पूरी तन्मयता से भाग लिया।
बताते चलें कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान का शुभारंभ गुरुग्राम में दिनांक 8 दिसम्बर 2025 को माननीय डॉ. अतुल कृष्ण जी, संस्थापक सुभारती समूह की अध्यक्षता में गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल बहारामपुर में सम्पन्न हुआ था। इसके बाद से गुरुग्राम में अनेक विद्यालयों में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के सफलतापूर्वक कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं। यह मुक्त भारत एवं सुभारती विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चलाई जा रही योजना है जिसकी देहरादून, मेरठ एवं गुरुग्राम में इकाइयां हैं। गुरुग्राम इकाई के मुख्य संयोजक श्री अमोद गुप्ता हैं एवं उसका संचालन डॉ. शोभा गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कादरपुर, गुरुग्राम के शिक्षक भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रेरित करते रहे। छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय के संस्थापक श्री सत्यवीर ने भी विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों को राष्ट्र प्रथम – सदैव प्रथम, जय हिन्द, वन्दे मातरम् जैसे विषयों पर अपने आपको केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के महत्व को बताया और साथ ही जय हिन्द का उद्घोष कराया।
0 Response to "राष्ट्र प्रथम – सदैव प्रथम’ के उद्घोष से गूंजा कादरपुर स्कूल परिसर"
एक टिप्पणी भेजें