सिंदरी:पानी की समस्या को लेकर HURL गेट पर ग्रामीणों का तीन दिवसीय धरना, विधायक चंद्रदेव महतो ने दिया समर्थन
शनिवार, 25 अप्रैल 2026
Comment
सिंदरी: सिंदरी बस्ती में गहराते जल संकट और HURL (हर्ल) प्रबंधन की वादाखिलाफी के खिलाफ भाकपा माले वार्ड 54 कमेटी और स्थानीय ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। HURL वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के मुख्य द्वार पर चल रहे इस तीन दिवसीय आंदोलन के दूसरे दिन माननीय विधायक चंद्रदेव महतो प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनकी मांगों को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रदेव महतो ने प्रबंधन के ढुलमुल रवैये पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "HURL प्रबंधन ने बस्ती के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा करने में वह पूरी तरह विफल रहा है। भीषण गर्मी में सिंदरी बस्ती के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, जो कि मानवता के खिलाफ है।"
विधायक ने प्रबंधन को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अगले 48 घंटों (दो दिनों) के भीतर जलापूर्ति की समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। उन्होंने घोषणा की कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में HURL के मुख्य द्वार का पूर्ण रूप से 'चक्का जाम' किया जाएगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
भाकपा माले और ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मौके पर वार्ड 54 कमेटी के सदस्यों समेत भारी संख्या में सिंदरी बस्ती के ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
0 Response to "सिंदरी:पानी की समस्या को लेकर HURL गेट पर ग्रामीणों का तीन दिवसीय धरना, विधायक चंद्रदेव महतो ने दिया समर्थन"
एक टिप्पणी भेजें