पिछले माह 406 केस दर्ज, 463 का निष्पादन—एक्शन मोड में धनबाद पुलिस। वारंट-कुर्की के निष्पादान में तेजी, मई में 50% निबटारे का टारगेट। अपराध पर लगा लगाम, अप्रैल में नहीं हुई कोई बड़ी वारदात। हाईटेक हो रही धनबाद पुलिस, ड्रोन और CCTV से होगी कड़ी निगरानी।
बुधवार, 6 मई 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को जिला पुलिस मुख्यालय में अप्रैल माह की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने की। इस दौरान सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों ने धनबाद पुलिस के कार्यों की मजबूत तस्वीर पेश की गई। अप्रैल माह में जिले में कुल 406 कांड दर्ज हुए, जबकि 463 कांडों का सफल निष्पादन किया गया। यह दर्शाता है कि पुलिस केवल मामलों को दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके त्वरित निष्पादन पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
सबसे बड़ी उपलब्धि लंबित कांडों में आई भारी कमी रही। जहां पिछले वर्ष मई माह में लंबित कांडों की संख्या 4300 से अधिक थी, वहीं अब यह घटकर मात्र 1873 रह गई है। इसे एसएसपी ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए पुलिस टीम की मेहनत और रणनीति का परिणाम बताया। उन्होंने अगले तीन महीनों में इस संख्या को 1600 से नीचे लाने का लक्ष्य तय किया है।
वारंट और कुर्की निष्पादन में तेजी, मई के लिए बड़ा लक्ष्य
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ वारंट और कुर्की के लंबित मामलों में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। अप्रैल माह में लंबित मामलों में 23 प्रतिशत की कमी आई है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मई माह में इन लंबित मामलों का कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
अपराध पर लगाम, बड़ी घटनाओं पर रोक
एसएसपी ने बताया कि अप्रैल माह में अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसका परिणाम यह रहा कि जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने नहीं आई। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भी सफलता मिली और कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
जनता के साथ बेहतर व्यवहार पर जोर
बैठक में एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि थाना आने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मानजनक और मित्रवत व्यवहार किया जाए। सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो और हर आवेदन की रिसीविंग अनिवार्य रूप से दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ लेने का निर्देश देते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
दलाल और भू-माफिया पर सख्त रुख रुख
एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी थाना परिसर में दलाल या भू-माफिया की मौजूदगी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान बढ़ते सड़क हादसों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। ट्रैफिक डीएसपी को निर्देश दिया गया कि खतरनाक स्थलों और अवैध कटों को चिन्हित कर जल्द बंद कराया जाए। साथ ही बिना हेलमेट, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने और काला शीशा लगाने वालों के खिलाफ पहले से भी सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
हाईटेक हो रही धनबाद पुलिस
धनबाद पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। हाल ही में 150 पेट्रोलिंग बाइक, 40 चार पहिया वाहन, पुश-टू-टॉक वायरलेस सिस्टम, कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन पुलिस बल को उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा पुराने थाना और कार्यालय भवनों की मरम्मत की गई है तथा कतरास थाना के लिए नए आधुनिक भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम का आधुनिकीकरण
जिले के संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनकी निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम विकसित किया गया है, जहां बड़ी मॉनिटर स्क्रीन के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
तकनीकी शाखा बना सशक्त
धनबाद पुलिस की तकनीकी शाखा को अत्याधुनिक उपकरणों और उन्नत सॉफ्टवेयर से सशक्त किया गया है। इसका परिणाम यह है कि तकनीकी जांच के क्षेत्र में धनबाद पुलिस राज्य में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
ड्रोन से निगरानी और राहत कार्य में आएगी तेजी
पुलिस बल को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है और जल्द ही दो आधुनिक ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी मदद से भीड़ नियंत्रण, राहत एवं बचाव कार्य और गुप्त निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा।
डायल 112 का बेहतर प्रदर्शन
आपातकालीन हेल्पलाइन 112 जिले में प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। औसत रिस्पांस टाइम 9 मिनट दर्ज किया गया है, जो राज्य में बेहतर माना जा रहा है। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए स्कूल, कॉलेज, पंचायत भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
‘पुलिस की पाठशाला’ से जागरूकता अभियान
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों, कॉलेजों और आवासीय परिसरों में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित कर महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक के अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को टीम वर्क के साथ कार्य करने, जवाबदेही तय करने और जनता के विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया।
0 Response to "पिछले माह 406 केस दर्ज, 463 का निष्पादन—एक्शन मोड में धनबाद पुलिस। वारंट-कुर्की के निष्पादान में तेजी, मई में 50% निबटारे का टारगेट। अपराध पर लगा लगाम, अप्रैल में नहीं हुई कोई बड़ी वारदात। हाईटेक हो रही धनबाद पुलिस, ड्रोन और CCTV से होगी कड़ी निगरानी। "
एक टिप्पणी भेजें