सिंदरी SL2 और मनोहरटांड: 30 मई से शुरू होगी बेदखली, 575 परिवारों पर बेघर होने का खतरा... FCI ने जारी की आम सूचना, सम्पदा न्यायालय के आदेश पर अनधिकृत आवास खाली कराने की तैयारी
रविवार, 17 मई 2026
Comment
सिंदरी:सिंदरी टाउनशिप की SL2 कॉलोनी और मनोहरटांड में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने अब बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। द फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, सिंदरी यूनिट ने 14 मई 2026 को एक आम सूचना जारी कर कहा है कि अनधिकृत आवासों को खाली कराने की कार्रवाई 30 मई 2026 से शुरू होगी।
क्या कहती है सूचना
FCI सिंदरी यूनिट के सम्पदा पदाधिकारी द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि सम्पदा न्यायालय, FCIL सिंदरी द्वारा पारित बेदखली आदेशों के आलोक में मनोहरटांड और SL2 कॉलोनी के अनधिकृत आवासों को खाली कराया जाएगा।
सूचना में स्पष्ट लिखा है कि यदि लोग स्वयं आवास खाली नहीं करते हैं तो बेदखली प्रक्रिया के तहत उन्हें हटाया जाएगा। इस दौरान होने वाली किसी भी क्षति के लिए संबंधित व्यक्ति स्वयं जिम्मेदार होंगे।
30-40 साल का वास, 15 दिन में खत्म?
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे 30-40 सालों से इन क्वार्टरों में रह रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह सब यहीं हुआ। बिजली-पानी का बिल भी नियमित रूप से जमा होता रहा। अब अचानक FCI ने ‘अवैध कब्जा’ कहकर नोटिस थमा दिया है।
575 परिवार, 2000 से ज्यादा लोग प्रभावित
SL2 कॉलोनी के 112 और मनोहरटांड के 463 आवासों में करीब 2000 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं। लोगों का कहना है कि बिना पुनर्वास के एकाएक बेदखली से पूरे परिवार सड़क पर आ जाएंगे।
अब आगे क्या
FCI प्रबंधन के अनुसार 30 मई 2026 से खाली कराने की कार्रवाई शुरू होगी। कॉलोनीवासी अब एकजुट होकर ‘घर बचाओ’ आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। उनकी मांग है कि जब तक पुनर्वास की व्यवस्था न हो, किसी को बेघर न किया जाए।
अब देखना है कि प्रशासन बातचीत से रास्ता निकालता है या सिंदरी एक बार फिर सड़क पर उतरती है।
0 Response to "सिंदरी SL2 और मनोहरटांड: 30 मई से शुरू होगी बेदखली, 575 परिवारों पर बेघर होने का खतरा... FCI ने जारी की आम सूचना, सम्पदा न्यायालय के आदेश पर अनधिकृत आवास खाली कराने की तैयारी"
एक टिप्पणी भेजें