कटकमदाग प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया विधायक जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन।
शुक्रवार, 3 जुलाई 2026
Comment
भानुमित्र संवाददाता।
हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने विधायक जनसेवा कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि विधायक जनसेवा कार्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनता को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ, प्रभावी एवं भरोसेमंद मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब आम नागरिक बिना किसी कठिनाई के अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव इस कार्यालय के माध्यम से रख सकेंगे, जिनके त्वरित पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह जनसेवा कार्यालय केवल शिकायत दर्ज कराने का केंद्र नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु बनेगा। इसके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का कार्य किया जाएगा। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकने को विवश न हो। जो व्यक्ति किसी कारणवश हमारे पास नहीं पहुंच सकता, उसकी समस्या के समाधान के लिए हम स्वयं उसके द्वार तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा सर्वोच्च धर्म है। इसी भावना के साथ यह जनसेवा कार्यालय सदैव आमजन के लिए खुला रहेगा, ताकि प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जा सके, उसकी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो तथा विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच सके। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विधायक जनसेवा कार्यालय की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्यालय के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
0 Response to "कटकमदाग प्रखंड कार्यालय परिसर में विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया विधायक जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन।"
एक टिप्पणी भेजें