-->
गणेश चतुर्थी पर रेलवे मैदान में सजेगा 28वां गणपति महोत्सव, 14 से 17 सितंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

गणेश चतुर्थी पर रेलवे मैदान में सजेगा 28वां गणपति महोत्सव, 14 से 17 सितंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

पाकुड़ : गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विघ्नहर्ता बाबा गणपति महोत्सव के 28वें वर्ष को भव्य, श्रद्धापूर्ण और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी को लेकर सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, रेलवे मैदान पाकुड़ की बैठक मंगलवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर सत्संग भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राणा शुक्ला ने की। बैठक में गणेश पूजा समिति के संस्थापक हिसाबी राय, अखिलेश कुमार चौबे एवं संजय कुमार ओझा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान वर्ष 2025 में संपन्न गणपति महोत्सव के आयोजन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी 28वें गणपति महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक, व्यवस्थित एवं भक्तिमय बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव सभाध्यक्ष के समक्ष रखे। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ शहरवासियों की भी महोत्सव में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

समिति के संस्थापक हिसाबी राय ने बताया कि 28वां गणपति महोत्सव 14 से 17 सितंबर 2026 तक रेलवे मैदान, पाकुड़ में आयोजित किया जाएगा। 14 सितंबर को प्रातःकाल विधिवत कलश स्थापना एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ होगा। 15 सितंबर की संध्या बाबा गणपति की भव्य महाआरती के बाद सांस्कृतिक संध्या सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सफल प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

पूजा के मार्गदर्शक अखिलेश कुमार चौबे ने संबोधन में कहा कि भगवान गणपति विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। बाबा गणपति की कृपा से ही किसी भी शुभ कार्य का सफल शुभारंभ संभव है। उन्होंने कहा कि गणपति महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने, आपसी प्रेम एवं भाईचारा बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में पूरे भक्तिभाव के साथ शामिल होने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।

महोत्सव के अंतिम दिन 17 सितंबर को दोपहर में मटका फोड़ एवं डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बाबा गणपति की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण कराया जाएगा। नगर भ्रमण के उपरांत श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बागतीपाड़ा स्थित मनसा मंदिर तालाब में बाबा गणपति की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।

 नई कार्यकारिणी का गठन

बैठक के दौरान पुरानी पूजा समिति को भंग कर 28वें गणपति महोत्सव के सफल संचालन के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से संजय कुमार ओझा को संयोजक, अविनाश पंडित को अध्यक्ष, मुन्ना रविदास को कार्यकारी अध्यक्ष, पिंटू हजार एवं नितिन कुमार मंडल को उपाध्यक्ष, अजीत मंडल को सचिव, संजय कुमार राय को संयुक्त सचिव, राज चौधरी एवं निर्भय सिंह को सह सचिव, तन्मय पोद्दार को कोषाध्यक्ष तथा अंकित मंडल को व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के अंत में अखिलेश कुमार चौबे, संजय कुमार ओझा, शंकरलाल साह, कैलाश मध्यान तथा लाल्टू भौमिक ने महोत्सव की व्यवस्था एवं तैयारियों को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में बिट्टू राय, अमन भगत, कंवर राय, बुबाय रजक, रणजीत राम, विजय राय, आदित्य सिंह, ज्वाला सिंह, सादेकुल आलम, मिथिलेश मंडल, जितेश रजक, भक्ति पूजन प्रसाद, राका राय, संजय मंडल, जय राजवीर, उजय राय आदि मौजूद थे।

बैठक के समापन पर सभापति राणा शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की। समिति की ओर से शहर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर बाबा गणपति के 28वें महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई।

0 Response to "गणेश चतुर्थी पर रेलवे मैदान में सजेगा 28वां गणपति महोत्सव, 14 से 17 सितंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4