-->
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर पाकुड़ में 28 से 30 अगस्त तक होगा राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान

‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर पाकुड़ में 28 से 30 अगस्त तक होगा राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान

पाकुड़ : महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय खेल जगत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा फिट इंडिया अभियान के तत्वावधान में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर 28 से 30 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत लोगों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का मुख्य केंद्र बिंदु ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ रखा गया है। इसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक को प्रतिदिन कम-से-कम एक घंटे खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाना है।

इसी क्रम में जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी, पाकुड़ की ओर से जिले में संचालित डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया प्रशिक्षण केंद्रों के प्रशिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न खेल कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं एवं अन्य गतिविधियों की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

 प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों की अधिकतम सहभागिता पर जोर

बैठक में जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने सभी प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि अपने-अपने प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित न रहकर जिले में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का माध्यम बनना चाहिए।

उन्होंने खिलाड़ियों एवं युवाओं के बीच खेल के प्रति जागरूकता, अनुशासन, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं एवं आमजनों को ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान से जोड़ने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया।

 

बैठक के दौरान प्रशिक्षकों को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के लिए जारी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुरूप सभी गतिविधियों का व्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रमों के दौरान आवश्यक समन्वय, अधिकतम सहभागिता और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खिलाड़ियों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को खेल, फिटनेस एवं शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जिले के सभी खिलाड़ियों, युवाओं एवं आमजनों से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अधिकाधिक संख्या में खेल गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की भावना को मजबूत करते हुए जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय समाज का निर्माण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

0 Response to "‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर पाकुड़ में 28 से 30 अगस्त तक होगा राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4