स्वतंत्रता दिवस पर चिंतपूर्णी स्टील एवं रोटरी क्लब ने दिया देशभक्ति, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का संदेश।
सोमवार, 17 अगस्त 2026
Comment
भानुमित्र संवाददाता।
500 पौधों का वितरण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन
हज़ारीबाग़ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड (CSPL) परिसर में देशभक्ति, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक धनंजय मानेक द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर कंपनी के सभी जीएम, वरिष्ठ अधिकारी, कमेटी सदस्य एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में धनंजय मानेक ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर शहीदों एवं देशप्रेमियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा एक अच्छे, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। मानेक ने सभी कर्मचारियों को स्वस्थ रहने तथा कार्यस्थल पर सदैव सुरक्षित कार्यशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन केवल कंपनी की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी है। सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाकर हम स्वयं के साथ-साथ अपने सहकर्मियों और परिवार को भी सुरक्षित रख सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “रक्तदान महादान” के संदेश के साथ CSPL परिसर में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी क्रम में चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड एवं रोटरी क्लब रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अजय सहित रोटरी क्लब रामगढ़ के कमेटी सदस्य, पदाधिकारी एवं सदस्य तथा कंपनी के जीएम, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर CSPL एवं रोटरी क्लब रामगढ़ द्वारा कुल 500 पौधों का वितरण किया गया। धनंजय मानेक ने सभी कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, स्वस्थ वातावरण और हरित भविष्य की नींव है। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्यप्रणाली का पालन करने का संकल्प लिया। चिंतपूर्णी स्टील प्राइवेट लिमिटेड एवं रोटरी क्लब रामगढ़ की यह संयुक्त पहल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायक संदेश बनी।
0 Response to "स्वतंत्रता दिवस पर चिंतपूर्णी स्टील एवं रोटरी क्लब ने दिया देशभक्ति, पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का संदेश।"
एक टिप्पणी भेजें