धनबाद में पेपरलेस पासपोर्ट सेवा शुरू, अब ऑनलाइन होगा पुलिस वेरिफिकेशन
गुरुवार, 6 अगस्त 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद:अगर आप पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। धनबाद में अब पासपोर्ट सेवा पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस हो गई है। पुलिस वेरिफिकेशन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन तक लगभग पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन होगी, जिससे पासपोर्ट बनने में लगने वाला समय कम होगा और लोगों को पहले से ज्यादा पारदर्शी और तेज सेवा मिलेगी।इस नई व्यवस्था के तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर करेंगे। इसके बाद पूरी सत्यापन रिपोर्ट ऑनलाइन माध्यम से सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय भेज दी जाएगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद आवेदक को भी डिजिटल माध्यम से इसकी जानकारी मिल जाएगी।
इतना ही नहीं, अब पुलिस सत्यापन भी संबंधित थाने के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर किया जाएगा। इससे कागजी फाइलों का आदान-प्रदान लगभग समाप्त हो जाएगा और प्रक्रिया पहले के मुकाबले कहीं अधिक तेज हो जाएगी।एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह नई व्यवस्था 1 अगस्त से लागू कर दी गई है। उनके मुताबिक पहले पुलिस वेरिफिकेशन के हजारों मामले लंबित रहते थे, लेकिन ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बाद पेंडिंग मामलों में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। पहले जहाँ 1300 मामले पेंडिंग थे वहीं ऑनलाइन होने के बाद यह संख्या घटकर 580 पर आ गई है. उन्होंने विश्वास जताया कि इससे लोगों को जल्द पासपोर्ट मिलेगा और अनावश्यक देरी खत्म होगी।
0 Response to "धनबाद में पेपरलेस पासपोर्ट सेवा शुरू, अब ऑनलाइन होगा पुलिस वेरिफिकेशन"
एक टिप्पणी भेजें