सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई चरही के 15 माइल के पास 05 ट्रक जब्त, लगभग 199 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद।
शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026
Comment
भानुमित्र संवाददाता।
बड़कागांव एनटीपीसी के लिए आवंटित बादम कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से अवैध कोयला खनन एवं परिवहन के विरुद्ध केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को चरही के 15 माइल के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला लदे पाँच ट्रकों को जब्त किया गया। इन ट्रकों से लगभग 199 मीट्रिक टन कोयला बरामद होने का अनुमान है। यह कार्रवाई सुरेश जी., उप कमांडेंट के निर्देशन तथा संजीव कुमार मीणा, सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर दिनांक 22.10.2026 को लगभग 2200 बजे सीआईएसएफ के बल सदस्यों द्वारा चरही के 15 माइल के पास एम्बुश लगाया गया। इस दौरान बादम कोयला खनन परियोजना क्षेत्र की ओर से अवैध रूप से कोयला लादकर ले जा रहे पाँच ट्रकों को देखा गया। इसकी सूचना तत्काल इकाई की क्विक रिएक्शन टीम ( QRT) को दी गई।
सूचना मिलते ही क्यूआरटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 23.10.2026 को लगभग 0230 बजे चरही के 15 माइल के पास पाँचों ट्रकों को रोककर जब्त कर लिया। इस दौरान ट्रकों के चालक अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। ट्रकों की जाँच के दौरान उनमें लदे कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद पाँचों ट्रकों को सीआईएसएफ के बल सदस्यों की सुरक्षा में एनटीपीसी, हजारीबाग के कांटा घर ले जाया गया, जहाँ उनका वजन कराया गया। वजन के दौरान पाॅचों ट्रको में लदे कोयले का अनुमानित वजन लगभग 199 मीट्रिक टन पाया गया। इस मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सीआईएसएफ की इस कार्रवाई में स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं एवं उनके सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ग्रामीणों द्वारा समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही सूचनाएँ क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों की रोकथाम में सहायक सिद्ध हो रही हैं। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 Response to "सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई चरही के 15 माइल के पास 05 ट्रक जब्त, लगभग 199 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद।"
एक टिप्पणी भेजें