दिनेश मुर्मू के परिजनों से मिले बाबुधन मुर्मू, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026
Comment
लिट्टीपाड़ा : झामुमो नेता दिनेश मुर्मू का शव मिलने की सूचना के बाद शुक्रवार को भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि दिनेश मुर्मू का शव गुरुवार को सुराजबेड़ा गांव के समीप धान के खेत से बरामद किया गया था। वह बीते 30 सितंबर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे। शव मिलने की घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। बाबुधन मुर्मू ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर घटना की सच्चाई सामने लाने पर जोर दिया। उन्होंने लिट्टीपाड़ा के अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी से भी संपर्क कर मामले की गंभीरता से छानबीन करने का आग्रह किया।
एसआईआर में गरीबों को परेशानी नहीं हो
दिनेश मुर्मू के परिजनों से मुलाकात के साथ बाबुधन मुर्मू ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लिट्टीपाड़ा के अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी भी गरीब, जरूरतमंद और वंचित व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी है या जिन्हें प्रक्रिया समझने में कठिनाई हो रही है, उन्हें उचित मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाना चाहिए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए और प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण गरीब परिवारों को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बाबुधन मुर्मू ने कहा कि दिनेश मुर्मू की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में आम लोगों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
0 Response to "दिनेश मुर्मू के परिजनों से मिले बाबुधन मुर्मू, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग"
एक टिप्पणी भेजें