-->
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर पाकुड़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर पाकुड़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश

पाकुड़ : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है। रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद अमरजीत बलिहार स्टेडियम में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, चौकीदारों और गृहरक्षक बलों की महत्वपूर्ण ब्रीफिंग की। इसमें स्टैटिक, गश्ती और उड़नदस्ता दल के जवान शामिल हुए। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र पाकुड़ सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ब्रीफिंग के दौरान एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को 01 नवंबर को सुबह 06:00 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंचने का निर्देश दिया। परिचारी प्रवर को सभी जवानों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के साथ बीच-बीच में औचक जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी केंद्रों पर तैनात पुलिस बल तब तक मुस्तैद रहेंगे, जब तक परीक्षा सामग्री को कोषागार या वज्रगृह के लिए रवाना नहीं कर दिया जाता। वहीं, संबंधित थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और आसपास के इलाकों में लगातार गश्त करने को कहा गया है।

कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता दल को परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल उसका निराकरण कराने का निर्देश दिया गया। जिला नियंत्रण कक्ष परीक्षा के दौरान 24 घंटे सातों दिन कार्यरत रहेगा और प्रत्येक घंटे सभी परीक्षा केंद्रों से खैरियत रिपोर्ट प्राप्त करेगा। केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी।

सुरक्षा बलों को अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात प्रभारी को विशेष निर्देश दिए गए हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी बल को आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्ट पर नजर रखने के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है। किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट की जानकारी मिलने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने और नियमानुसार त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया है।

0 Response to "झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर पाकुड़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसपी ने पुलिस बल को दिए सख्त निर्देश"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4