पर्यावरण एवं वन सुरक्षा को लेकर ग्राम इंदिरा में विशेष आह्वान।
शुक्रवार, 27 नवंबर 2026
Comment
हज़ारीबाग चुरचू प्रखंड इंदिरा में पर्यावरण एवं वन संरक्षण को लेकर ग्राम इंद्रा में वन सुरक्षा समिति एवं वन अधिकार समिति की ओर से एक विशेष बैठक एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता इंद्रा पंचायत की लोकप्रिय मुखिया राधिका देवी ने की। बैठक में ग्रामवासियों से अपील की गई कि वे पेड़ों की कटाई न करें, विशेष रूप से संकुआ पेड़ जो झारखंड का राजकीय वृक्ष है, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें। हालांकि, दातुन एवं पत्तों के उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। यदि कोई व्यक्ति पेड़ काटते हुए पकड़ा जाता है, तो समिति की ओर से प्रत्येक पेड़ पर 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। पलहा के लिए अन्य पेड़ों की टहनियों का इस्तेमाल करने की भी अपील की गई। इसके साथ ही वनभूमि पर अतिक्रमण करने वाले लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने तथा भविष्य में अतिक्रमण का प्रयास नहीं करने का अनुरोध किया गया। समिति जल्द ही संबंधित वन विभाग से संपर्क कर अतिक्रमण वाली भूमि पर सरकारी पौधारोपण कराने के लिए आवेदन करेगी। इस अवसर पर वन अधिकार समिति के अध्यक्ष उमाशंकर ठाकुर ने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी, तो पेड़ कहां बचेंगे? पेड़ नहीं बचेंगे, तो बारिश नहीं होगी और जल के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। वहीं, वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष बालकुमार महतो ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को साल में कम से कम 10 पेड़ लगाने चाहिए, उन पेड़ों को राखी बांधकर भाई-बहन की तरह उनकी देखभाल करनी चाहिए। पर्यावरण की सुरक्षा हमारे जीवन के लिए बेहद जरूरी है। वन अधिकार समिति के सचिव एहतेसामुल हसन ने सभी समिति सदस्यों से सक्रिय रहने और वन संपदा की सुरक्षा पर कड़ी निगरानी रखने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने इस पुनीत कार्य में ग्रामवासियों, सभी जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों से सहयोग करने की अपील की। इस जन-जागरूकता अभियान में ग्राम इंद्रा के सैकड़ों महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आइए, हम सभी मिलकर संकल्प लें कि जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
0 Response to "पर्यावरण एवं वन सुरक्षा को लेकर ग्राम इंदिरा में विशेष आह्वान।"
एक टिप्पणी भेजें