बलियापुर को मिली बड़ी सौगात: नवनिर्मित BPHU भवन का विधायक चंद्रदेव महतो ने किया उद्घाटन, अब गांव में ही होगी मुफ्त जांच
बुधवार, 18 नवंबर 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
बलियापुर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बलियापुर प्रखंड को बुधवार को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। प्रखंड में नवनिर्मित प्रखंड लोक स्वास्थ्य इकाई (BPHU) भवन का भव्य उद्घाटन सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने फीता काटकर व शिलापट्ट का अनावरण कर किया।
उद्घाटन के साथ ही यह भवन आम जनता को समर्पित कर दिया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अब जांच के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे जिला के चक्कर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि BPHU के शुरू होने से बलियापुर समेत आसपास के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को छोटी-बड़ी पैथोलॉजिकल जांच के लिए जिला मुख्यालय या महंगे निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये सुविधाएं
नई इकाई में एक ही छत के नीचे रक्त जांच, मलेरिया, डेंगू, टीबी सहित विभिन्न संक्रामक व गैर-संक्रामक रोगों की निःशुल्क और त्वरित जांच की सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रखंड स्तर पर बीमारियों के रुझान और स्वास्थ्य आंकड़ों की रियल-टाइम निगरानी के लिए आधुनिक आईटी प्रणाली भी लगाई गई है।
उद्घाटन के बाद विधायक ने भवन में स्थापित प्रयोगशाला, उपकरण कक्ष व अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहकर बेहतर सेवा देने का निर्देश दिया।
0 Response to "बलियापुर को मिली बड़ी सौगात: नवनिर्मित BPHU भवन का विधायक चंद्रदेव महतो ने किया उद्घाटन, अब गांव में ही होगी मुफ्त जांच"
एक टिप्पणी भेजें