-->

राष्‍ट्रपति चुनाव: तैयारियां पूरी, सीएम आवास में हुई एनडीए विधायकों-सांसदों की बैठक

राष्‍ट्रपति चुनाव: तैयारियां पूरी, सीएम आवास में हुई एनडीए विधायकों-सांसदों की बैठक

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कल 17 जुलाई को होने वाले मतदान को लेकर रांची स्थित झारखंड विधानसभा परिसर में बनाये गये मतदान केंद्र में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी। चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक ने आज विधानसभा परिसर में बनाये गये मतदान केंद्र स्थल का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

वहीं चुनाव को लेकर आज मुख्यमंत्री आवास में एनडीए विधायकों-सांसदों की बैठक हुई, जिसमें सभी को मतदान की प्रक्रिया और अन्य बातों की जानकारी दी गयी।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए झारखंड के 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों के अलावा 81 विधायक कल अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया के तहत निर्वाचक मंडल में शामिल सांसदों और विधायकों के मतों का मूल्य अलग-अलग निर्धारित होता है।

राज्य के प्रत्येक सांसदों के मत मूल्य 708 निर्धारित है, जबकि प्रत्येक विधानसभा सदस्यों के मत का मूल्य 176 है। इस तरह से झारखंड में 20 सांसदों के मतों का मूल्य 14160 और 81 विधानसभा सदस्यों के मतों का मूल्य 14256 होगा।

इस चुनाव में भाजपा के 43 और एनडीए के घटक दल आजसू पार्टी के चार विधायकों के अलावा जय भारत सामनता पार्टी की गीता कोड़ा और नवजवान संघर्ष मोर्चा के भानू प्रताप शाही के मत एनडीए प्रत्याशी रामनाथ कोविन्द को मिलने की संभावना है। जबकि झामुमो के 19, कांग्रेस के 7, झाविमो के 2, भाकपा-माले के 1 और  मासस के 1 विधायक का मत यूपीए प्रत्याशी मीरा कुमार को मिलने की संभावना है। वहीं बसपा प्रत्याशी कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने अभी अपने स्टैंड का खुलासा नहीं किया है। राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेने के लिए जेल में बंद भाजपा के संजीव कुमार और झाविमो के प्रदीप यादव को मतदान में हिस्सा लेने की अनुमति स्थानीय अदालत से मिल चुकी है। जबकि जेल में बंद कांग्रेस की निर्मला देवी और झारखंड पार्टी के एनोस एक्का वोट डालने आएंगे या नहीं, इसकी जानकारी कल ही मिल पाएगी।

विधानसभा परिसर में बनाये गये मतदान केंद्र में चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गये है। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जा सकेंगे।

0 Response to " राष्‍ट्रपति चुनाव: तैयारियां पूरी, सीएम आवास में हुई एनडीए विधायकों-सांसदों की बैठक "

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4