
जो विकास और सुशासन देगा, जनता उसे चुनेगी : रघुवर दास
रांची, संवाददाता।
जनता जात-पात, सम्प्रदायवाद और क्षेत्रवाद को नकार रही है: मुख्यमंत्री
भगवान बिरसा मुंडा की संस्कृति की रक्षा करेंगे : रघुवर दास
कोल्हान प्रमंडलस्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की संस्कृति की हमें रक्षा करनी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच को हमें मिल-जुल कर पूरा करना है। देश की जनता विकास और सुशासन चाहती है। यह विकसित राष्ट्र के निर्माण हेतु सुखद संदेश है। जनता जात-पात, सम्प्रदायवाद और क्षेत्रवाद को नकार रही है। यह उत्तरप्रदेश में हुए चुनाव और उसके परिणाम से परिलक्षित होता है। जनता सभी चीजों को जानती और समझती है, जो विकास और सुशासन देगा, जनता उसे चुनेगी। बीजेपी का मुख्य उद्देश्य विकास, सुशासन और गरीब के जीवन में बदलाव लाना है। श्री दास ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ताओं को गरीब की सेवा को प्राथमिकता मान कर समर्पण भाव से कार्य करना है। इस समर्पण भाव का परिणाम है कि देश की 67 प्रतिशत जनता बीजेपी को वोट करती है, इस वोट प्रतिशत को हमें और आगे बढ़ाना है।
श्री दास ने कहा कि 2019 के चुनाव में बीजेपी को झारखण्ड में विधानसभा की 60 से अधिक और लोकसभा की 14 सीट पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत वाली सरकार का निर्माण करना है | इसके लिये टीम बनाकर रणनीति के साथ बूथ लेबल पर कार्य करने की जरूरत है, जिसका शुभारंभ आज से होना चाहिये। कार्यकर्ता सितम्बर माह से पहले तक बूथ कमिटी को मजबूत कर लें। बूथ कार्यकर्ता पार्टी की जान हैं। बूथ कमेटी और शांति केंद्र की स्थापना जल्द करें। पार्टी हर बूथ कमेटी की जांच करेगी। बूथ कमेटी को जो कार्य सौंपा गया गया है, उस कार्य का निर्वहन वे ईमानदारी से करें।
श्री दास ने कहा कि कोल्हान की हर सीट पर हम जीतें, यही सबका लक्ष्य होना चाहिए | इसके लिए अभी से काम शुरू करना होगा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम से रूबरू कराना होगा इसके लिये कार्यकर्ताओं को रेडियो उपलब्ध कराया जायेगा। कार्यकर्ता जनता से सीधे संवाद स्थापित करें। यह काम बूथ कमिटी को करना है। राजनीति के साथ रचनात्मक काम भी पार्टी को करना है और जनता से सीधे जुड़ना है। सरकार की उपलब्धि को जनता तक पहुंचाना है। 1000 दिन पूरा होने के अवसर पर 11-22 सितम्बर तक लगातार कार्यक्रम होंगे, कार्यक्रमों का शुभारंभ रांची से होगा और दुमका में कार्यक्रम का समापन होगा। 2019 तक सभी बीपीएल परिवार की महिलाओं को उज्ज्वला योजना से आच्छादित करना है। 1 रुपये में 50 लाख तक की रजिस्ट्री का लाभ महिलाओं को मिल रहा है। मोमेंटम झारखण्ड के तहत 19 तारीख को जमशेदपुर में 2200 करोड़ रुपये का निवेश होगा। बेरोजगारी को समाप्त करना हमारा लक्ष्य है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कोल्हान प्रमंडल के चारों जिले से आये जिला अध्यक्ष और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की बातों और क्षेत्र की समस्याओं को एक- एक कर सुना और समस्याओं के निदान का भरोसा दिया। श्री दास ने कार्यकर्ताओं से बूथ कमिटी का निर्माण समय रहते करने का अनुरोध किया और क्षेत्र के विधायक और सांसद के साथ संवाद स्थापित करने की बात कही। श्रीदास ने आदिवासी समुदाय के उत्थान हेतु बल दिया और इस समुदाय के क्षेत्र को चिह्नित कर पार्टी मुख्यालय को सूचित करने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री श्री धर्मपाल, पूर्वी सिंहभूम के सांसद श्री विद्युतवरण महतो, पोटका की विधायक श्रीमती मेनका सरदार, ईचागढ़ विधायक श्री साधुचरण महतो समेत अन्य मौजूद थे।
0 Response to "जो विकास और सुशासन देगा, जनता उसे चुनेगी : रघुवर दास"
एक टिप्पणी भेजें