-->
UPSC: सामाजिक विज्ञान पढ़कर इंजीनियर बन रहे आईएएस, महिलाओं की सफलता दर हुई दोगुनी

UPSC: सामाजिक विज्ञान पढ़कर इंजीनियर बन रहे आईएएस, महिलाओं की सफलता दर हुई दोगुनी

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस परीक्षा में किस उम्मीदवार ने टॉप किया और कौन दूसरे या तीसरे स्थान पर रहा, ये तो आपने जान लिया। लेकिन क्या आपको ये भी पता है कि किस अकादमिक बैकग्राउंड से सबसे ज्यादा परीक्षार्थी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करते हैं? कौन सा विषय पढ़कर सबसे अधिक छात्रों का आईएएस बनने का ख्वाब पूरा होता है। किस संस्थान से सबसे अधिक आईएएस निकलते हैं
वर्ष 2016 की परीक्षा के आधार पर यूपीएससी की ओर से किए गए एक विश्लेषण के मुताबिक, सिविल सेवा परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले आधे से अधिक उम्मीदवार इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से आते हैं। हालांकि, इतने इंजीनियरों की सफलता के बाद भी सिविल सेवा परीक्षा में इंजीनियरिंग के विषयों के साथ सफलता हासिल करने वाले प्रतिभागी महज 2.1 फीसदी हैं। सिविल सेवा में सफलता का मंत्र अब भी सामाजिक विज्ञान के विषय हैं। विश्लेषण के मुताबिक, सफल प्रतिभागियों में से 87 फीसदी ने सामाजिक विज्ञान विषय चुना था। वहीं, मेडिकल साइंस के जरिए 5.5 फीसदी, विज्ञान के जरिए 5.4 फीसदी और इंजीनियरिंग के जरिए महज 2.1 फीसदी ही छात्र ही ये परीक्षा उत्तीर्ण कर पाए।
आंकड़ों के मुताबिक, 1363 चयनित उम्मीदवारों में से 699 का बैकग्राउंड इंजीनियरिंग का था, जो कि कुल चयनित उम्मीदवारों का 51.3 फीसदी है। इसमें भी 150 से अधिक छात्र आईआईटी से पास आउट थे। इंजीनियरिंग के बाद  28.4 फीसदी सफलता के साथ सामाजिक विज्ञान में डिग्री रखने वाले परीक्षार्थी तीसरे स्थान पर थे, जबकि 13.4 फीसदी और 6.9 फीसदी के साथ मेडिकल साइंस और विज्ञान के विद्यार्थी क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। 

मुख्य परीक्षा में भूगोल प्रतिभागियों का सबसे पसंदीदा विषय बना हुआ है। सबसे अधिक परीक्षार्थियों ने इस विषय का चयन किया। वहीं, सफलता की दर सबसे अधिक मेडिकल साइंस में रही, जिसमें 19.9 फीसदी प्रतिभागियों ने सफलता हासिल की। सफलता दर के मामले में दूसरे स्थान पर कानून विषय रहा, जिसमें 17 फीसदी से अधिक परीक्षार्थयों ने सफलता हासिल की। 
महिलाओं की सफलता दर पुरुषों से दोगुनी
सिविल सेवा परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली महिलाओं की संख्या भले ही पुरुषों की तुलना में कम हो, लेकिन उनकी सफलता की दर पुरुषों की तुलना में दोगुनी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुषों में जहां 100 में 7.4 उम्मीदवार ही सफलता हासिल करते हैं, वहीं 100 में 15.5 महिलाएं ये परीक्षा उत्तीर्ण करती हैं। 
सबसे अधिक सफलता वाले विषय
विषय      सफल प्रतिभागी
भूगोल        255
समाज शास्त्र 193
लोक प्रशासन 151
इतिहास        102
मेडिकल साइंस 71
मेन्स के पसंदीदा विषय
विषय        परीक्षार्थी
भूगोल        3515
लोक प्रशासन 2852
समाजशास्त्र 1819
इतिहास      1560
दर्शनशास्त्र    908
सफल प्रतिभागियों का बैकग्राउंड
क्षेत्र                सफलता प्रतिशत
इंजीनियरिंग             51.3
सामाजिक विज्ञान     28.4
चिकित्सा विज्ञान     13.4
विज्ञान                    6.9
सफल प्रतिभागियों का विषय
क्षेत्र                      सफलता प्रतिशत
सामाजिक विज्ञान         87.4
चिकित्सा विज्ञान         5.5
विज्ञान                       5.4
इंजीनियरिंग              2.1


Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4