
200 कर्मचारी करेंगे 10 नये वार्डो में सफाई
रविवार, 6 मई 2018
नगर निगम ने 10 नये वार्डो के लिए 200 सफाई कर्मचारियों की आउटसोर्सिंग से व्यवस्था कर दी है। नगर निगम बोर्ड के फैसले के तहत शनिवार को नगर आयुक्त मनोज कुमार चौहान ने नये वार्डो के लिए पहले चरण में 200 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था का आदेश जारी कर दिया। सोमवार या मंगलवार से इस आदेश के तहत आगे की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। मेयर सुनीता वर्मा ने कहा कि सफाई के लिए कर्मचारियों की जरूरत तो है ही।
परिसीमन के बाद नगर निगम के 10 नये वार्डो के लिए लगातार सफाई कर्मचारियों की मांग हो रही थी। पूर्व में सफाई की व्यवस्था के लिए नगर आयुक्त ने 80 वार्डो से ही सफाई कर्मचारियों के ट्रांसफर का आदेश दिया था। इसे कर्मचारियों नेताओं और भाजपा के महानगर अध्यक्ष के विरोध के बाद निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद नगर आयुक्त ने 31 मार्च को निगम बोर्ड बैठक से पारित प्रस्ताव के तहत 400 कर्मचारियों की व्यवस्था पर विचार किया गया। पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने तर्क दिया कि रमजान का महीना आ रहा है। साथ ही आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं है। इन सब बातों पर विचार-विमर्श के बाद शनिवार को नगर आयुक्त ने फिलहाल 10 नये वार्डो के लिए 200 कर्मचारियों की व्यवस्था का आदेश दे दिया। ये कर्मचारी आउटसोर्सिंग पर दो कंपनियों से लिये जाएंगे। मेयर सुनीता वर्मा से पहले ही स्वीकृति ली जा चुकी है। अब नगर आयुक्त के आदेश के तहत नगर स्वास्थ्य अधिकारी के स्तर से वर्क आर्डर जारी होने के साथ ही काम शुरू हो जाएगा।