
ALERT! पांच दिनों तक दोपहर बाद गर्जन के साथ होगी तेज बारिश- मौसम विभाग
बुधवार, 30 मई 2018
मौसम में आने वाले बदलाव एवं मानसून पूर्व की गतिविधि के बढ़ने से रांची समेत कई इलाकों में दोपहर बाद गर्जन के साथ बारिश हो रही है। पांच दिनों तक पलामू प्रमंडल को छोड़ शेष अन्य इलाकों में दोपहर बाद गरज के साथ बारिश की संभावना है।
सोमवार को रांची समेत मध्य झारखंड, कोल्हान एवं संताल परगना इलाके में आई तेज बारिश और तूफान ने काफी तबाही मचाई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश से सटे पलामू प्रमंडल के डालटनगंज, लातेहार एवं गढ़वा जिले में सूर्य की किरणें गरमी बरसा रही हैं। आने वाले तीन दिन तक पलामू प्रमंडल में लोगों को गरमी से राहत नहीं मिलेगी। यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेसि के पार रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय मौसम विज्ञानी आरएस शर्मा ने बताया कि झारखंड में अभी दक्षिणी दिशा से हवा आ रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इस वजह से यहां वातावरण में नमी की मात्रा काफी बढ़ गयी है। इसी वजह से दोपहर बाद गर्जन के साथ बारिश हो रही है। इस दौरान ठनका भी गिरेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में हवा की गति कम है, वातावरण में नमी ज्यादा है। इससे गरज एवं वज्रपात के साथ बारिश की अवधि एवं मात्रा ज्यादा हो गयी है। पूर्वानूमान के मुताबिक आने वाले पांच दिन तक राज्य के पश्चिमी झारखंड के इलाके को छोड़ कर शेष अन्य स्थान पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
31 मई को भारी बारिश एवं वज्रपात की चेतावनी
राज्य में 31 मई को भारी बारिश एवं वज्रपात की मौसम विज्ञान विभाग की ओर से चेतावनी दी गयी है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि आसमान में एक सरकुलेशन बन रहा है जो 31 मई को प्रभावी होगा। इस कारण अधिक बारिश एवं वज्रपात की संभावना है।