
नक्सल प्रभावित जिलों में 521 किलोमीटर सड़कें बनेंगी
रविवार, 2 दिसंबर 2018
नक्सल प्रभावित छह जिलों औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा और जमुई में 521 किलोमीटर सड़कें बनेंगी। ग्रामीण कार्य विभाग ने इसका टेंडर निकाला है। सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। विभाग की योजना है कि मार्च 2019 तक सभी सड़कें तैयार हो जाएं।
दरअसल नक्सल प्रभावित जिलों में मुख्य सड़कें तो बन गईं, लेकिन 100 से 449 के आबादी वाले टोलों को मुख्य सड़कों से नहीं जोड़ा जा सका। इन टोलों को मुख्य सड़कों से जोड़ा जाएगा। पहले 1000 आबादी वाले टोलों को सड़कों से जोड़ा गया। इसके बाद 500 आबादी वालों को। केन्द्र सरकार ने 449 तक की आबादी वाले टोलों के लिए सड़क योजना को मंजूरी दे दी है। इनके निर्माण के लिए 320 करोड़ मिले हैं। इसमें केन्द्र व राज्य का प्रतिशत 60 व 40 है। टेंडर का काम समाप्त होते ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विभाग ने नक्सल प्रभावित छह जिलों के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया है कि मार्च 2019 के पूर्व लंबित ग्रामीण सड़क योजनाएं पूरी कर लें। ग्रामीण कार्य विभाग को आशंका है कि निर्माण कार्य में देरी हो सकती है, इसके लिए उसने टेंडर फाइनल होने से पहले ही इस संबंध में हिदायत जारी की है।