
जो भारत की जय कहेगा वही देश में रहेगा : नित्यानंद राय
रविवार, 2 दिसंबर 2018
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नित्यानंद राय ने कहा है कि दुनिया में कोई ऐसा देश नहीं है जो अपने देश को माता कहता हो। हम भारतवासी देश को माता कहते हैं। अब भारत माता का जयकारा नहीं लगाने वालों के दिन लद गए। जो भारत माता की जय कहेगा, वही भारत में रहेगा। शनिवार को विद्यापति भवन में आयोजित भाजपा के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ प्रकल्प द्वारा आयोजित बेटी बचाओ सम्मान समारोह में प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीतियों की भी आलोचना की।
राय ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही आज पाक अधिकृत कश्मीर है। अगली बार नरेन्द्र मोदी की सरकार आई तो पाक अधिकृत कश्मीर नहीं रहेगा। जब बर्लिन की दीवार गिर सकती है तो सिंध भी भारत के कब्जे में हो सकता है। अब भी हम राष्ट्रगान में सिंध को याद करते हैं। कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार ने महिलाओं के साथ अत्याचार करने वालों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान तय किया है। भाजपा अपने संगठन में 30 फीसदी पद महिलाओं को देती है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, कला संस्कृति मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि और प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक राजेन्द्र खड़गे ने भी विचार रखे। समारोह की अध्यक्षता प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक रीता शर्मा ने की।
विधायक अरुण सिन्हा व संजीव चौरसिया, सह महामंत्री शिव नारायण, पूनम सिंह, संगीता सिंह, अशोक भट्ट, राजीव रंजन, राकेश कुमार सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे। संचालन राजू झा ने किया। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी कुमारी श्वेता के अलावा चंदा ठाकुर, डॉ. अनुजा, मनीषा श्रीवास्तव, पायल गुप्ता आदि को सम्मानित किया गया।