राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन इंटक का प्रेस स्टेटमेंट ....सत्याग्रह करने का निर्णय
सोमवार, 17 मार्च 2025
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद:राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के महामंत्री ए के झा, कार्यकारी अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद सिंह ने एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा है कि भाजपा सरकार ने कोल इंडिया लिमिटेड की कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड को पूंजी पतियों के हवाले कर दिया है। सरकार की मंशा सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ मजबूती से दिखाई दे रहा है।
आगे से श्री झा ने कहा कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के स्वर्णिम इतिहास और भूगोल को कोल इंडिया के मानचित्र से समाप्त करने का वर्तमान भाजपा सरकार ने संकल्प ले लिया है। एक लाख अस्सी हजार श्रम शक्ति की यह कंपनी, जो देश और दुनिया की सबसे बेशकीमती कोयले का उत्पादन करती है, उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। धनबाद जिले का अस्तित्व भारत कोकिंग कोल लिमिटेड पर आधारित है।
एम डी ओ के तहत आउटसोर्सिंग कंपनियां बेशकीमती कोयले का लूट कर रही है। बीसीसीएल के मकान और जमीन को जबरन दखल कर रहा है। डीजल और कोयला चोरी को बढ़ावा दे रहा है। बंधुआ मजदूर पैदा करने में सारी शक्तियां लगा दी गई है। खान सुरक्षा के सारे नियमों की अवहेलना की जा रही है। खान सुरक्षा महानिदेशालय को कमजोर किया जा रहा है। हजारों ठेका मजदूरों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात,सामुदायिक विकास, कल्याणकारी योजनाएं बंद की जा रही है। आर्थिक असमानता बढ़ रही है। भाजपा सरकार श्रमिकों की सारी सुविधा समाप्त कर रही है।
सी एम पी एफ का खस्ता हालत है स्थाई श्रमिकों की संख्या का घटना एक राष्ट्रीय अपराध है। यह एक अलग बात है कि श्रम शक्ति के गिरते संख्या पर भाजपा दल से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से संबंध रखने वाले श्रम संगठनों ने कोयला मजदूरों के मनोबल को तोड़ा है। मजदूरों को जबरन मनोरोगी बनाया जा रहा है।
भूमि अधिग्रहण से संबंधित नियोजन पर भाजपा सरकार की चुप्पी रैयतों को मानसिक पीड़ा दे रहा है। रिटायर्ड/स्थायी कामगार की मेडिकल सहित अन्य सुविधाएं काटी जा रही है। कैशलेस मेडिकल सुविधा महज एक आश्वासन रह गया है।
आगे श्री झा ने कहा कि मेडिकल अनफिट कामगार के लगभग 30000 बच्चे रोजी-रोटी के लिए दर-दर भटक रहे हैं, वे दाने-दाने के लिए तरस रहे हैं। मेडिकल अनफिट कामगार के बच्चों की नौकरी रोकना - एक राष्ट्रीय अपराध है। इस अपराध की कोई माफी नहीं है।
लोदना क्षेत्र के आउटसोर्सिंग की कंपनी के दबाव पर प्रबंधन, संयुक्त मोर्चा के साथ संपन्न समझौते को लागू करने से भाग रही है। संवाद के दरवाजे बंद कर रही है। फीमेल VRS के सैकड़ो नौजवान रोजगार से वंचित हैं। हजारों ट्रांसपोर्टिंग महिला श्रमिक भुखमरी के शिकार हैं। भाजपा की चुप्पी ,मजदूर विरोधी सोच और पूंजीवाद समर्थित नीति ने देश की अर्थव्यवस्था को झकझोंर दिया है। नौजवानों को मनोरोगी बनने के लिए विवश कर दिया है।
श्री झा ने कहा इस अन्याय के खिलाफ न्याय की मांग करते हुए राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन ने मजदूरों की अधिकारों की रक्षा के लिए गांधीवादी संकल्प के साथ आगामी 7 अप्रैल, सोमवार को भारत कोकिंग कोल लिमिटेड मुख्यालय कोयला भवन पर एक दिन का शांतिपूर्ण सत्याग्रह करने का निर्णय लिया है। इस बीच हमारा जन जागरण अभियान चलता रहेगा।
आगामी 1 मई को मजदूर दिवस पर संकल्प लेकर भारत कोकिंग कोल लिमिटेड में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन,राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन (इंटक), बी सी सी एल मैनेजमेंट तथा भारत सरकार के कोयला मंत्रालय को एक दिवसीय शांतिपूर्ण हड़ताल करने की नोटिस सुपुर्द करेगा ताकि मेडिकल अनफिट कामगार के बच्चों की नौकरी सहित उपरोक्त सभी मांगों पर भारत सरकार संवाद करके मजदूर हित में न्यायपूर्ण निर्णय ले।
0 Response to "राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन इंटक का प्रेस स्टेटमेंट ....सत्याग्रह करने का निर्णय"
एक टिप्पणी भेजें