ऑटो-ई-रिक्शा ऑनर्स/चालक एसोसिएशन की मांग पर परिवहन विभाग ने लगाया विशेष कैंप
सोमवार, 15 सितंबर 2025
Comment
पाकुड़ : ऑटो-ई-रिक्शा ऑनर्स एवं चालक एसोसिएशन की विशेष मांग पर जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी की ओर से सोमवार को रेलवे ऑटो स्टैंड परिसर में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में ऑटो-ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन कराने, चालकों के नए लाइसेंस बनाने एवं पुराने में सुधार करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
कैंप में जिला पथ सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार, मोटर यान निरीक्षक कार्यालय से सूरज कुमार, अमित कुमार, अजहद अंसारी आदि मौजूद रहे। इस दौरान पाकुड़ के अलावा हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा सहित विभिन्न प्रखंडों के ऑटो-ई-रिक्शा चालक व मालिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
रितेश कुमार ने सभी चालकों व मालिकों को रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस व ड्रेस कोड संबंधी जानकारी दी। हालांकि, आवश्यक कागजात पूरे नहीं होने के कारण कैंप में कोई कार्य संपन्न नहीं हो सका।
संगठन के अध्यक्ष हिसाबी राय ने कहा कि जिले के कई शोरूम अपने खरीदारों को पूर्ण कागजात उपलब्ध नहीं कराते और रजिस्ट्रेशन के नाम पर मोटी रकम की मांग करते हैं। ऐसे शोरूम को चिन्हित कर संगठन उपायुक्त, परिवहन सचिव व परिवहन आयुक्त को शिकायत करेगा। वहीं, एसोसिएशन के सचिव अनिकेत गोस्वामी ने बताया कि परिवहन कार्यालय के दिशा-निर्देश के आलोक में सभी चालक अपने-अपने ड्रेस कोड की वर्दी तैयार कर रहे हैं और निर्धारित तिथि से वर्दी में ही ऑटो-ई-रिक्शा चलाएंगे।
0 Response to "ऑटो-ई-रिक्शा ऑनर्स/चालक एसोसिएशन की मांग पर परिवहन विभाग ने लगाया विशेष कैंप"
एक टिप्पणी भेजें