पाकुड़ में सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, 12 बाइक बरामद
मंगलवार, 25 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : अन्नपूर्णा कॉलोनी से चोरी हुई मोटरसाइकिल की जांच करते हुए पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए कुल 12 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार दिनांक 07 नवंबर 2025 को अन्नपूर्णा कॉलोनी से काले–लाल रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल सं० JH04T6515 चोरी हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित अमित कुमार के आवेदन पर पाकुड़ नगर थाना में कांड सं० 281/2025, दिनांक 07.11.2025, धारा 303(2) भा-दं-सं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने छापामारी करते हुए कांड में संलिप्त तीन अपराधकर्मियों – रमजान अंसारी उर्फ ओखनु, अब्दुल सुभान अंसारी उर्फ मोटरू और लतीफ अंसारी – को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तीनों के निशानदेही पर कांड में चोरी हुई होंडा साइन मोटरसाइकिल सं० JH04T6515 के अलावा विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 11 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद बाइकों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो एचएफ डिलक्स, सुपर स्प्लेंडर, हीरो होंडा स्प्लेंडर, हीरो ग्लैमर, होंडा सीबी 125 और बजाज पल्सर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कई मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट बदल दिए गए थे, जबकि कुछ बिना नंबर के पाई गईं। सभी वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान कर सत्यापन कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रमजान अंसारी पर मोटरसाइकिल चोरी और लूट की कई पुरानी घटनाओं में भी मामले दर्ज हैं। महेशपुर और पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ 2017 से 2025 के बीच चोरी, छिनतई और गिरोह बनाकर अपराध करने से जुड़ी धाराओं में कई कांड पंजीकृत हैं। वहीं लतीफ अंसारी के खिलाफ भी पाकुड़ नगर थाना में 2025 में दर्ज एक मामले में आपराधिक इतिहास पाया गया है।
पूरे अभियान में पाकुड़ नगर थाना, अमड़ापाड़ा थाना और लिट्टीपाड़ा थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। छापामारी दल में थाना प्रभारी, सह थाना प्रभारी, अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक के साथ-साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है तथा बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
0 Response to "पाकुड़ में सक्रिय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, 12 बाइक बरामद"
एक टिप्पणी भेजें