-->
सेवा का अधिकार सप्ताह–2025 ,बड़ा सरसा व तालपहाड़ी पंचायतों में लगा शिविर, ग्रामीणों को मिली त्वरित सेवाओं की सुविधा

सेवा का अधिकार सप्ताह–2025 ,बड़ा सरसा व तालपहाड़ी पंचायतों में लगा शिविर, ग्रामीणों को मिली त्वरित सेवाओं की सुविधा

लिट्टीपाड़ा : झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर शनिवार को पंचायत सचिवालय बड़ा सरसा एवं तालपहाड़ी में सेवा का अधिकार सप्ताह–2025 के तहत पंचायत स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर विभिन्न लोक–सेवाओं का लाभ लिया। कार्यक्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी डाॅ. नीरज गुप्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी काजल तिर्की, उप प्रमुख आबिदा बीबी, वेक्टर जनित रोग विशेषज्ञ डाॅ. अमित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, पंचायत की मुखिया चमेली किस्कू एवं मीनू हांसदा उपस्थित रहे।

ग्रामीणों से संवाद करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सेवा का अधिकार अधिनियम, 2011 केवल दस्तावेज़ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकारी सेवाओं को निर्धारित समय–सीमा में उपलब्ध कराने का नागरिकों का वैधानिक अधिकार है। शिविरों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लाभुकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सेवाएँ सीधे पंचायत स्तर पर उपलब्ध हों। शिविर में उपस्थित लाभुकों को ऑन–द–स्पॉट जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र जारी/संशोधन, नया व संशोधित राशन कार्ड, दाखिल–खारिज वादों का निस्तारण, भूमि मापी एवं भूमि धारण प्रमाणपत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित अनेक आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित प्रमाणपत्रों एवं स्वीकृति–पत्रों का वितरण किया गया। शिविर को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास, प्रखंड कल्याण/कृषि पदाधिकारी के. सी. दास, पंचायत सचिव नेसार अहमद, अमित कुमार, रोजगार सेवक दिनेश साहा, जाहिद अंसारी सहित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर पहुँचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया।

0 Response to "सेवा का अधिकार सप्ताह–2025 ,बड़ा सरसा व तालपहाड़ी पंचायतों में लगा शिविर, ग्रामीणों को मिली त्वरित सेवाओं की सुविधा"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4