“आपकी योजना– आपकी सरकार– आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत 21 से 28 नवम्बर तक जिला भर में मनाया जा रहा सेवा का अधिकार सप्ताह
शुक्रवार, 21 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : राज्य सरकार द्वारा आम जनता को विभिन्न सरकारी सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी एवं सरल रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व निर्धारित “आपकी योजना– आपकी सरकार– आपके द्वार” कार्यक्रम को इस वर्ष 21 से 28 नवम्बर 2025 तक “सेवा का अधिकार सप्ताह” के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है।
इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य “झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” को प्राथमिकता देते हुए पंचायत स्तर पर शिविरों के माध्यम से आमजनों को प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा सेवाएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की सभी पंचायतों में कम से कम एक शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमजनों को विभिन्न प्रमाण पत्रों, योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित कार्यों के लिए आवेदन जमा करने और उनके त्वरित निष्पादन की सुविधा दी जाएगी।
शिविरों में उपलब्ध प्रमुख सेवाएं
जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन पत्र, दाखिल–खारिज वादों का निष्पादन, भूमि की मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित आवेदन शिविरों में प्राप्त किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त “झारखण्ड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” में सूचीबद्ध अन्य सेवाओं तथा विभिन्न लोक–कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी शिविरों में लिए जाएंगे।
शिविरों में त्वरित शिकायत निवारण की व्यवस्था
प्रत्येक शिविर में प्राप्त आवेदनों को तुरंत प्रचलित पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा। योग्य मामलों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित कागजात एवं आवेदक का चित्र पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त शिकायतों के उसी दिन निवारण और अधिनियम में निर्धारित समय–सीमा के भीतर आवेदनों के अनिवार्य निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए संगणक आधारित अनुश्रवण व्यवस्था रखी गई है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से की अपील
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के आमजनों से अपील की है कि 21 से 28 नवम्बर 2025 तक चल रहे “सेवा का अधिकार सप्ताह” के दौरान अपने–अपने पंचायतों में लगाए जा रहे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनता को सरकारी सेवाएं सीधे उनके द्वार तक पहुंचाने की एक सशक्त पहल है। सभी पात्र लाभुक शिविरों में पहुँचकर प्रमाण पत्र, पेंशन, भूमि संबंधी सेवाओं एवं अन्य योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सहज, त्वरित एवं पारदर्शी सेवा प्रदान करना सुनिश्चित करें।
0 Response to "“आपकी योजना– आपकी सरकार– आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत 21 से 28 नवम्बर तक जिला भर में मनाया जा रहा सेवा का अधिकार सप्ताह"
एक टिप्पणी भेजें