-->
धान खरीद पर राज्य सरकार का बड़ा निर्णय, अब किसानों को मिलेगा एकमुश्त भुगतान

धान खरीद पर राज्य सरकार का बड़ा निर्णय, अब किसानों को मिलेगा एकमुश्त भुगतान

पाकुड़: धान खरीद प्रणाली में बड़े सुधार के तहत राज्य सरकार ने किसानों को धान बिक्री की संपूर्ण राशि एकमुश्त उनके बैंक खाते में भुगतान करने का निर्णय लिया है। पहले यह भुगतान दो किश्तों में होता था, जिसमें दूसरी किश्त में देरी होने से किसानों को आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था से किसानों को तुरंत आर्थिक सहायता मिलेगी और कृषि कार्यों में तेजी आएगी।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था किसानों के हित में ऐतिहासिक व दूरदर्शी कदम है। इससे भुगतान में होने वाली देरी समाप्त होगी और किसानों को धान का उचित मूल्य समय पर मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि जिले के सभी लैंप्स एवं खरीद केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू करने की तैयारी कर ली गई है। विभाग का लक्ष्य है कि हर किसान को उसका भुगतान पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हो।

जिले के किसानों से अपील

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित पैक्स एवं खरीद केंद्रों पर धान बिक्री के लिए अवश्य पहुंचें और अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर एवं किसान पंजीकरण विवरण लेकर आएं, ताकि भुगतान प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आए। उन्होंने बताया कि आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग द्वारा नए किसानों के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपना निबंधन अवश्य कराएं और एकमुश्त भुगतान की इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।

सरकार की प्राथमिकता: किसान समृद्ध हों, कृषि मजबूत हो

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ करने और भुगतान प्रणाली को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। एकमुश्त भुगतान की नई व्यवस्था से किसानों का भरोसा बढ़ेगा और जिले में धान खरीद प्रणाली और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा किसान हितैषी बनेगी।

0 Response to "धान खरीद पर राज्य सरकार का बड़ा निर्णय, अब किसानों को मिलेगा एकमुश्त भुगतान"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4