आमजन के लिए आयुष विभाग ने दिया योग का प्रशिक्षण
गुरुवार, 20 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़: स्वस्थ शरीर को सफल जीवन की आधारशिला मानते हुए आयुष विभाग पाकुड़ द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर योग एवं आयुष पद्धति को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयुर्विद्या कार्यक्रम के तहत चल रही इस पहल का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सुधार लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।
गुरुवार को पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित अन्य 25 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को विविध योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि यदि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो शारीरिक रोगों में कमी के साथ-साथ तनाव, चिंता एवं अवसाद जैसी समस्याओं से भी काफी राहत मिल सकती है।
आयुष विभाग के पदाधिकारी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक संतुलन बनता है और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने आमजन से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होता है, इसलिए सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
0 Response to "आमजन के लिए आयुष विभाग ने दिया योग का प्रशिक्षण"
एक टिप्पणी भेजें