राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में पाकुड़ की जया कुमारी साह ने जीता कांस्य पदक
गुरुवार, 20 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : जम्मू–कश्मीर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2025-26 में पाकुड़ जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी जया कुमारी साह ने ताइक्वांडो बालिका वर्ग 19 (भार वर्ग 49 किलोग्राम) में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। जया कुमारी साह ने झारखंड राज्य की ओर से प्रतिस्पर्धा में भाग लेते हुए यह उपलब्धि अर्जित की, जिससे पाकुड़ जिले के साथ-साथ पूरे राज्य का मान बढ़ा है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जया कुमारी साह को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह पदक जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जया की लगन, अनुशासन और मेहनत ने उन्हें इस सफलता तक पहुंचाया है। यह उपलब्धि पाकुड़ के उभरते खिलाड़ी-खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक संदेश है। उपायुक्त ने जया के प्रशिक्षण में सहयोग करने वाले कोच, विद्यालय परिवार और अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं।
जिला स्तर पर हुई सराहना
जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक ने भी जया कुमारी साह को राष्ट्रीय मंच पर ताइक्वांडो में पदक हासिल करने के लिए बधाई दी। अधिकारीगणों ने कहा कि जया की सफलता जिले में संचालित खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों की लगातार मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पाकुड़ के अधिक से अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।
पाकुड़ में उमंग और गर्व का माहौल
जया कुमारी साह की उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों, विद्यालय समुदाय और खेल विभाग में हर्ष का माहौल है। जिला प्रशासन ने इसे पाकुड़ के लिए गर्व का क्षण बताया है और आशा व्यक्त की है कि जया कुमारी साह की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
0 Response to "राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में पाकुड़ की जया कुमारी साह ने जीता कांस्य पदक"
एक टिप्पणी भेजें