उपायुक्त मनीष कुमार ने शहरकोल पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया, स्वच्छता, कार्यप्रणाली और नागरिक सेवाओं पर दिए आवश्यक निर्देश
शनिवार, 22 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत शहरकोल पंचायत सचिवालय में शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने औचक निरीक्षण कर सचिवालय की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा नागरिक सेवाओं की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सचिवालय में रखी अनिवार्य पंजियों, रजिस्टरों तथा पंचायत सुदृढ़ीकरण से संबंधित गतिविधियों का सूक्ष्म अवलोकन किया। साथ ही पंचायत ज्ञान केंद्र के संचालन, उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विशेष रूप से भस्मक, हाथ धोने की इकाई, पानी शुद्ध करने की मशीन, कचरा पृथक्करण हेतु डब्बा, ज्ञान केंद्र, मइया कक्ष, मुखिया कक्ष, पंचायत सेवक कक्ष, अभिलेख कक्ष तथा सचिवालय परिसर के समग्र रखरखाव और स्वच्छता की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने यह निर्देश दिया कि प्रत्येक सुविधा न केवल कार्यशील रहे, बल्कि नागरिकों को सहज तथा गरिमापूर्ण वातावरण भी उपलब्ध कराए।
*उपायुक्त ने मौके पर मौजूद कर्मियों को दिए निर्देश*
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत भवन सरकारी कार्यों का आधारभूत केंद्र है, अतः कार्यालय समय के दौरान इसका बंद रहना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक कर्मचारी के लिए समय पालन, अनुशासन तथा सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालय नागरिकों के दैनिक कार्यों से सीधे जुड़ा होता है, इसलिए यहाँ प्रदान की जाने वाली प्रत्येक सेवा त्वरित, पारदर्शी, जवाबदेह तथा प्रभावी होनी चाहिए।
0 Response to "उपायुक्त मनीष कुमार ने शहरकोल पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया, स्वच्छता, कार्यप्रणाली और नागरिक सेवाओं पर दिए आवश्यक निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें