डेली सब्जी मार्केट में आग से लाखों की सब्जियां व सामान खाक
शनिवार, 22 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास स्थित डेली सब्जी मार्केट में देर रात लगी आग ने सब कुछ तबाह कर दिया। गणेश प्रसाद भगत की सब्जी दुकान में उठी लपटों ने देखते–देखते शिमला मिर्च, मशरूम, बीन्स, गाजर समेत बड़ी मात्रा में रखी सब्जियां जलाकर राख कर दीं। कुछ ही मिनटों में दुकान का पूरा माल खाक हो गया।
दुकान में रखे कई अहम कागजात और करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सब्जी क्रेट भी आग की चपेट में आ गए। दुकान मालिक के अनुसार शादी–विवाह का सीजन देखते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल और अन्य जिलों से भारी मात्रा में सब्जियां मंगाई थीं, जो पूरी तरह नष्ट हो गईं और उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
देर रात दुकान से उठती तेज लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआती कोशिशों में स्थानीय लोग आग पर काबू नहीं पा सके। कुछ देर बाद दमकल वाहन वहां पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे मार्केट की अन्य दुकानों तक आग फैलने का खतरा टल गया।
मौके पर मौजूद कई लोगों ने बताया कि रात के समय मार्केट क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व नशा करने के लिए इकठ्ठा होते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सिगरेट या माचिस की तीली लापरवाही से फेंक दी होगी, जिससे आग भड़क गई।
0 Response to "डेली सब्जी मार्केट में आग से लाखों की सब्जियां व सामान खाक"
एक टिप्पणी भेजें