आईआईटी आईएसएम धनबाद में पोश एक्ट पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
शुक्रवार, 21 नवंबर 2025
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद,आईआईटी आईएसएम धनबाद में बिल्डिंग सेफर वर्कप्लेस: अंडरस्टैंडिंग द पोश एक्ट, 2013” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जीजेएलटी में शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें संसाधक के रूप में डॉ. पंकज के. पी. श्रेयस्कर, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, ने सत्र का संचालन किया।
कार्यशाला सभी कर्मचारियों (शिक्षण एवं गैर-शिक्षण), छात्रों, शोधार्थियों और प्रोजेक्ट स्टाफ के लिए खुली थी। संस्थान द्वारा पहले ही सभी डीन, विभागाध्यक्षों और सेक्शन हेड्स से व्यापक उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था, ताकि संस्थान में सुरक्षित और संवेदनशील कार्य वातावरण बनाने के प्रयास और मजबूत हों।
अपने संबोधन में डॉ. श्रेयस्कर ने कहा कि किसी भी संस्थान का सुचारू संचालन सिर्फ कानूनों पर नहीं, बल्कि अच्छे प्रबंधन, पेशेवर नैतिकता और आपसी भरोसे पर भी निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि उत्पादकता, ईमानदारी और बौद्धिक स्वतंत्रता वहीं पनपती है, जहाँ खुली चर्चा, मतभेद और लोकतांत्रिक मूल्य को बढ़ावा दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि कई संस्थागत विवाद आपसी विश्वास टूटने के कारण पैदा होते हैं, इसलिए संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार बेहद जरूरी है। पोश जैसे कानूनों के तहत बनने वाली समितियाँ अर्द्ध-न्यायिक रूप में काम करती हैं, इसलिए निर्णय हमेशा प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना सुनवाई और बिना खुले मन से कोई भी निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।
डॉ. श्रेयस्कर ने सभी प्रतिभागियों से सामाजिक मानकों के प्रति जागरूक रहने, लैंगिक संवेदनशीलता अपनाने और सकारात्मक संस्थागत संस्कृति बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोकथाम सबसे ज़रूरी है, इसलिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षणों और कार्यशालाओं में भाग लेना बहुत लाभकारी है।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रो. मृणालिनी पांडेय, प्रेसीडिंग ऑफिसर/आईसी, ने स्वागत संबोधन दिया। प्रो. धीरज कुमार, उप निदेशक, ने डॉ. श्रेयस्कर का सम्मान किया। इस अवसर पर संस्थान के रजिस्ट्रार श्री प्रभोध पांडेय और डीन (एकेडमिक) प्रो. एम. के. सिंह भी उपस्थित रहे।
0 Response to "आईआईटी आईएसएम धनबाद में पोश एक्ट पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें