-->
उपायुक्त ने प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में हुआ प्री-टेस्ट

उपायुक्त ने प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में हुआ प्री-टेस्ट

पाकुड़ : आगामी मैट्रिक एवं इंटर बोर्ड परीक्षा 2026 को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा परख टेस्ट के तहत प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह प्री-टेस्ट 24 से 27 नवम्बर 2025 तक जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप संचालित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसी परिस्थिति का अनुभव प्रदान करना, समय प्रबंधन की आदत विकसित करना तथा परीक्षा के मनोवैज्ञानिक दबाव को समझने में सहायता देना है।

इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने आज धनुषपूजा विद्यालय एवं केकेएम कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था, कक्षवार बैठने की व्यवस्था, पर्यवेक्षण प्रणाली तथा सुरक्षा प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की। उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि प्री-बोर्ड परीक्षा को फाइनल बोर्ड परीक्षा के मानकों के अनुरूप ही कड़ाई एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों की तैयारी का वस्तुनिष्ठ एवं वास्तविक मूल्यांकन संभव हो सके। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों को बोर्ड पैटर्न के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे विद्यार्थियों की विषयगत समझ, उत्तर लेखन शैली एवं समय प्रबंधन क्षमता का सही आकलन हो पाएगा।

जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में आज प्री-टेस्ट शांतिपूर्ण एवं शैक्षणिक माहौल में संपन्न हुआ। कक्षा 10वीं में प्रथम पाली में गणित एवं द्वितीय पाली में हिंदी की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि कक्षा 12वीं में प्रथम पाली में रसायन शास्त्र, भूगोल, बिजनेस स्टडीज तथा द्वितीय पाली में वैकल्पिक भाषा की परीक्षा ली गई।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक बोर्ड परीक्षा जैसी परिस्थिति का अनुभव मिलता है, समय प्रबंधन की आदत विकसित होती है, आत्मविश्वास में वृद्धि होती है तथा उत्तर लेखन में पाई जाने वाली कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्री-टेस्ट के परिणामों के विश्लेषण के आधार पर विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों पर विशेष फोकस कर आगामी बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले का परिणाम और अधिक बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

0 Response to "उपायुक्त ने प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में हुआ प्री-टेस्ट"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4