पाकुड़िया प्रखंड के दो परीक्षा केंद्रों पर वार्षिक मैट्रिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 192 परीक्षार्थी हुए शामिल
मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026
Comment
पाकुड़िया : पाकुड़िया प्रखंड के तीन परीक्षा केंद्रों में से दो केंद्रों पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित वार्षिक मैट्रिक परीक्षा मंगलवार को प्रारंभ हुई। प्रथम दिन आईआईटी एवं वोकेशनल विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 192 परीक्षार्थी शामिल हुए। दोनों परीक्षा केंद्रों पर सभी पंजीकृत परीक्षार्थी उपस्थित पाए गए।
परीक्षा केंद्र राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय में कुल 118 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि पीएम श्री कन्या उच्च विद्यालय पाकुड़िया में 74 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय और नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई।
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दोनों केंद्रों पर दंडाधिकारी रोहित गुप्ता एवं अमर कुमार पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा चिकित्सा दल के साथ सतर्कता के साथ उपस्थित रहे। परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी गई।
प्रथम दिन की परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने दोनों परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया गया।
0 Response to "पाकुड़िया प्रखंड के दो परीक्षा केंद्रों पर वार्षिक मैट्रिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 192 परीक्षार्थी हुए शामिल"
एक टिप्पणी भेजें