होली एवं रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, कॉल कंपनियों के विरुद्ध ग्रामीणों का तीखा आक्रोश
रविवार, 22 फ़रवरी 2026
Comment
अमड़ापाड़ा: होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को अमड़ापाड़ा थाना परिसर में थाना प्रभारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता तथा अंचलाधिकारी औशभ अहमद खाँ भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध दर्ज करते हुए थाना प्रभारी के समक्ष क्षेत्र में संचालित दो कॉल कंपनियों के विरुद्ध गंभीर शिकायतें रखीं। ग्रामीणों का कहना था कि कंपनियों द्वारा संचालित कार्यों के कारण कोयले की धूल अत्यधिक मात्रा में उड़ती है, जिससे छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि इसी कारण अमड़ापाड़ा प्रखंड में क्षय रोग के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक शांति समिति की बैठक में वे लगातार यह मांग रखते आ रहे हैं कि कॉल कंपनी द्वारा प्रतिदिन कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल उड़ने की समस्या पर नियंत्रण हो सके। इसके अतिरिक्त प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में अब तक सड़क का निर्माण नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई। पिछली बैठक में कंपनी द्वारा शीघ्र सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था। दुर्गा पूजा के समय कुछ स्थानों पर अस्थायी मरम्मत की गई, किंतु वर्तमान में स्थिति पूर्ववत बनी हुई है।
बैठक स्थल से ही अंचलाधिकारी द्वारा कंपनी के प्रतिनिधियों को दूरभाष के माध्यम से बुलाने का प्रयास किया गया, किंतु लगभग डेढ़ घंटे तक प्रतीक्षा करने के बावजूद कंपनी का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। इसे लेकर ग्रामीणों में और अधिक आक्रोश देखा गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इससे कंपनी के रवैये का अंदाजा लगाया जा सकता है।
थाना प्रभारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आश्वस्त किया कि यदि समय पर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो विषय को जिला के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
0 Response to "होली एवं रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न, कॉल कंपनियों के विरुद्ध ग्रामीणों का तीखा आक्रोश"
एक टिप्पणी भेजें