नगर परिषद चुनाव पाकुड़ की दिशा और दशा तय करेगा: बाबूलाल मरांडी
बुधवार, 11 फ़रवरी 2026
Comment
पाकुड़ : आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी, पाकुड़ द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स, पाकुड़ में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने की। सम्मेलन में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पाकुड़ नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा, चुनाव प्रभारी परितोष सोरेन, बबलू भगत, मीरा प्रवीण सिंह, अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, अमृत पाण्डेय, बलराम दुबे, शर्मिला रजक, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर परिषद का चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं है, बल्कि यह पाकुड़ की दिशा और दशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में नगर परिषद में अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव के माध्यम से नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस चुनाव को मिशन के रूप में लड़ेगा। मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ तैनात रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बूथ समिति और सक्रिय कार्यकर्ताओं का संगठित प्रयास सुनिश्चित करेगा कि एक-एक मत भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा के पक्ष में पड़े। संगठन की असली ताकत बूथ स्तर से निकलती है और इसी शक्ति के बल पर भारतीय जनता पार्टी यह चुनाव जीतेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी की नीति और नीयत तथा नगर परिषद में पूर्व में सम्पा साहा द्वारा किए गए कार्यों को जनता के समक्ष रखें और उनके पक्ष में जनसमर्थन तैयार करें।
0 Response to "नगर परिषद चुनाव पाकुड़ की दिशा और दशा तय करेगा: बाबूलाल मरांडी"
एक टिप्पणी भेजें