ग्राम सभा सदस्यों का पीईएसए उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न
बुधवार, 11 फ़रवरी 2026
Comment
लिट्टीपाड़ा : बुधवार को पुनर्गठित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत प्रखंड लिट्टीपाड़ा में “ग्राम सभा सदस्यों का पीईएसए उन्मुखीकरण कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा की भूमिका को सुदृढ़ करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
बैठक में सभी ग्राम पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत स्वयंसेवक, पंचायत संगठक, ग्राम प्रधान, डिजिटल फसल सर्वे के सर्वेक्षक तथा झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी की दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि पीईएसए अधिनियम आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा को सशक्त बनाकर प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, योजनाओं की स्वीकृति तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करता है। उन्होंने ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
साथ ही आकांक्षी प्रखंड के “संपूर्णता अभियान” के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सूचकांकों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का आह्वान किया गया। डिजिटल फसल सर्वे की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं शुद्ध कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे और किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
0 Response to "ग्राम सभा सदस्यों का पीईएसए उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न"
एक टिप्पणी भेजें