समर्पण एक नेक पहल ने पेश की मानवता की मिसाल: 6 वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्ची के लिए किया रक्तदान
शनिवार, 21 मार्च 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद: समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय संस्था 'समर्पण एक नेक पहल' के प्रयासों से एक बार फिर मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण सामने आया है। संस्था के सक्रिय सदस्य सुकू ठाकुर की प्रेरणा से उनके मित्र और रक्तदाता योगेश कुमार महतो ने 6 वर्षीय मासूम दिव्या कुमारी के लिए रक्तदान कर उसकी जान बचाने में मदद की।
दिव्या कुमारी थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, जिसके कारण उन्हें नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता पड़ती है। जैसे ही संस्था को बच्ची की इस जरूरत की सूचना मिली, सदस्य सुकू ठाकुर ने तत्काल पहल करते हुए रक्तदाता की व्यवस्था की। इसके बाद योगेश कुमार महतो ने एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।
संस्था के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष दिपेश चौहान ने इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा, “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। हमारी संस्था हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। वर्तमान में धनबाद के सभी ब्लड बैंकों में रक्त की भारी कमी चल रही है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मैं समाज के युवाओं और अन्य लोगों से अपील करता हूँ कि वे अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं और रक्तदान करें।”
संस्था 'समर्पण एक नेक पहल' रक्तदाता योगेश कुमार महतो के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त करती है और उम्मीद करती है कि उनसे प्रेरित होकर समाज के अन्य लोग भी ऐसे पुनीत कार्यों का हिस्सा बनेंगे।
0 Response to "समर्पण एक नेक पहल ने पेश की मानवता की मिसाल: 6 वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बच्ची के लिए किया रक्तदान"
एक टिप्पणी भेजें