विश्व जल दिवस पर उपविकास आयुक्त की अध्यक्षता में सम्मान समारोह, मुखियाओं-जलसहियाओं ने साझा की चुनौतियां
रविवार, 22 मार्च 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद, 22 मार्च। विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को जिला समाहरणालय सभागार में उपविकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सम्मान-सह-समापन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उपविकास आयुक्त, मुखिया एवं जलसहियाओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया।
कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-2) मुकेश कुमार मंडल ने जल जीवन मिशन की जिले में चल रही योजनाओं का विस्तार से विवरण दिया। विभिन्न पंचायतों से आए मुखियाओं ने पेयजल आपूर्ति की चुनौतियों और रख-रखाव की समस्याओं पर अनुभव साझा किए। जलसहियाओं ने योजनाओं के स्व-रखरखाव व जलकर वसूली में बाधाओं पर प्रकाश डाला।
जिला समन्वयक (आईईसी) ने वर्षा जल संचयन के महत्व पर जोर दिया। जल स्वच्छता पखवाड़ा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं, प्लंबरों व जलसहियाओं को शॉल, मोमेंटो एवं बुके भेंटकर सम्मानित किया गया। सभी ने जल संरक्षण व स्वच्छता की सामूहिक शपथ ली।
उपविकास आयुक्त ने ग्रीष्मकाल में जलापूर्ति योजनाओं व नलकूपों को सुचारू रखने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि हर पंचायत में जल समिति की मासिक बैठक 10 तारीख को हो, प्रखंड स्तर पर 15 तारीख को तथा जूनियर अभियंता की उपस्थिति अनिवार्य रहे। जलकर न देने वालों को तीन नोटिस के बाद पाइपलाइन कनेक्शन काटने का आदेश दिया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, मुखिया, जलसहिया व अन्य उपस्थित रहे।
0 Response to " विश्व जल दिवस पर उपविकास आयुक्त की अध्यक्षता में सम्मान समारोह, मुखियाओं-जलसहियाओं ने साझा की चुनौतियां"
एक टिप्पणी भेजें