-->
समाज कल्याण विभाग की संस्थाओं का निरीक्षण, सखी केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा

समाज कल्याण विभाग की संस्थाओं का निरीक्षण, सखी केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा

पाकुड़ : गुरुवार को उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और अभिलेखों के संधारण की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी शमा परवीन ने जानकारी दी कि केंद्र में महिलाओं को एक ही स्थान पर कानूनी सहायता, पुलिस सहयोग, चिकित्सीय सुविधा और अल्पकालीन आश्रय उपलब्ध कराया जाता है। बताया गया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को त्वरित और समग्र सहायता प्रदान करना केंद्र का मुख्य उद्देश्य है।
निरीक्षण के क्रम में दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए गए। कर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा गया कि पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सहयोग किया जाए। अधिकांश मामलों के घरेलू हिंसा से जुड़े होने की जानकारी दी गई, जिनमें परामर्श के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाता है।
उपायुक्त ने केंद्र की आधारभूत सुविधाओं को शीघ्र सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कर्मियों के नाम-पट्ट लगाने तथा महत्वपूर्ण संपर्क नंबरों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। केंद्र के रसोई घर की व्यवस्था सुधारने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कहा गया कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सखी केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

0 Response to "समाज कल्याण विभाग की संस्थाओं का निरीक्षण, सखी केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4