-->
रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से दूर रहने की अपील

रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से दूर रहने की अपील

पाकुड़: रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। पर्व के मद्देनजर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की बैठक रविन्द्र भवन (टाउन हॉल) में आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी स्थल पर समय से पहले पहुंचना सुनिश्चित करें। समयबद्धता और सतर्कता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी संवेदनशील स्थिति पैदा कर सकती है। सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति की निगरानी की जाएगी और लापरवाही मिलने पर वेतन स्थगन सहित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निष्पक्षता के साथ कार्य करने और ड्यूटी समाप्ति तक स्थल पर बने रहने का निर्देश दिया गया।
जुलूस के दौरान एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता देने, सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने और सभी स्थलों पर निगरानी व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों और ड्रोन के माध्यम से नजर रखी जाएगी। सभी अखाड़ों की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी और सामाजिक माध्यमों पर भी निगरानी रहेगी। जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा और किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं होगा।
आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत प्रशासन या थाना को सूचना दें। आपत्तिजनक और अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि रामनवमी जनआस्था का प्रतीक है और अनुशासन तथा संयम का संदेश देता है। सभी पदाधिकारी संयमित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और जुलूस का हिस्सा न बनें। बिना सत्यापन किसी भी सूचना के प्रसार से बचने की भी अपील की गई।
रामनवमी के दौरान सामाजिक माध्यमों पर सघन निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तरह सतर्क रहें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। पूरे जिले में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा।

0 Response to "रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से दूर रहने की अपील"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4