जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न, मॉडल सोलर विलेज योजना को मिलेगा बढ़ावा
सोमवार, 30 मार्च 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ में जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ मॉडल सोलर विलेज योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास एवं ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने और गांवों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिले के 10 गांवों का चयन किया गया है। इन चयनित गांवों के बीच 6 माह की अवधि के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसकी प्रारंभ और समाप्ति तिथि भी निर्धारित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में एक मॉडल सोलर विलेज का विकास करना, गांवों में 24 घंटे बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। योजना के तहत सोलर पंप, सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाई मास्ट लाइट और रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा। चयनित गांवों को पूर्ण रूप से सोलर आधारित एवं ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
प्रतियोगिता के अंत में जिस गांव में सर्वाधिक सोलर स्थापना होगी, उसे “मॉडल सोलर विलेज” के रूप में चयनित किया जाएगा। चयनित गांव को एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी, जिससे गांव को पूरी तरह सोलर आधारित विकसित किया जा सके।
0 Response to "जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न, मॉडल सोलर विलेज योजना को मिलेगा बढ़ावा"
एक टिप्पणी भेजें