-->
एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा, 14-15 वर्ष की बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश

एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा, 14-15 वर्ष की बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश

पाकुड़ : पाकुड़ में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें जिले में टीकाकरण की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बच्चियों का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल शिक्षक नियुक्त करने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक प्रखंड में एक नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया, ताकि शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक बच्चियों तक टीकाकरण पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीकाकरण केवल जिला अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति में त्वरित प्रबंधन संभव हो सके। साथ ही 30 मार्च को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया गया कि इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान की जानकारी आमजन तक व्यापक रूप से पहुंच सके।
सिविल सर्जन डॉ सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन विश्व के 162 देशों में सफलतापूर्वक दी जा रही है। यह पूरी तरह सुरक्षित है और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई है।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, शिक्षक, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी एवं कार्यक्रम प्रबंधक शामिल हुए।

0 Response to "एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा, 14-15 वर्ष की बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4